हादसा

दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत, 7 घायल

उत्तराखंड के टिहरी जिले में कौडियाला के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदे खड़े ट्रक से एक कार टकरा गई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 08:05 बजे व्यासी चौकी से एसडीआरएफ को वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि कौडियाला क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें कई लोग घायल हैं।

एसडीआरएफ टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि सरिया से लदा एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिससे कार टकरा गई। कार में चालक समेत कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे।

हादसे में धूमा देवी (55 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उनका शव कार में बुरी तरह फंस गया था।

एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए आरआर सॉ (कटर) की मदद से कार को काटकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे में घायल अन्य सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!