राजनीती

उत्तराखंड में सियासी हलचल, बीजेपी सदस्यता कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं की एंट्री

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल अपने संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में आज बीजेपी मुख्यालय में एक बड़ा सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस सहित अन्य दलों के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, कांग्रेस महिला मोर्चा की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा, पूर्व विधायक प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य समेत कई प्रमुख नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली। इन सभी का पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में स्वागत किया गया और उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से शामिल किया गया।

इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा, कांग्रेस सेवा दल के रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, राम प्रसाद, सुमित राई, दिनेश मौर्य, पूनम गुप्ता, मंजू जैन, श्वेता शर्मा, सुदर्शन शर्मा, रिंकू बिष्ट, अरविंद सक्सेना, देवेंद्र प्रसाद जोशी और देव राम रतूड़ी सहित कई अन्य नेताओं ने भी बीजेपी की सदस्यता ली।

बीजेपी मुख्यालय में सुबह से ही काफी चहल-पहल देखी गई और सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय नजर आए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी का सदस्यता अभियान तेजी से चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी पूरी तरह तैयार है और 2027 में एक बार फिर पार्टी सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को आगामी चुनाव में एक बार फिर हार का सामना करना पड़ेगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!