सहसपुर विधानसभा के चारों मंडलों में मातृशक्ति के साथ दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित
सहसपुर। त्रिकोण संस्था की निदेशक, फिक्की फ्लो की नेशनल गवर्निंग बॉडी मेंबर एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने कल सहसपुर विधानसभा के शिवालिक नगर, शिवालिक ग्रामीण, सहसपुर एवं सिद्धोवाला मंडल में दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान उन्होंने महिला मोर्चा की मंडल कार्यकारिणियों तथा स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टरों से जुड़ी महिलाओं के साथ आत्मीय संवाद कर दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर नेहा शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व प्रेम, सद्भाव और एकजुटता का संदेश देता है। समाज और संगठन को सशक्त बनाने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टरों से जुड़ी महिलाएँ अपने परिश्रम और हुनर से महिला स्वावलंबन को नई दिशा दे रही हैं।

उन्होंने स्थानीय महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी को प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी छोटी-सी पहल किसी परिवार की दीपावली को खुशहाल बना सकती है। महिलाओं के श्रम और प्रतिभा को सम्मान देकर आत्मनिर्भर समाज के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।

नेहा शर्मा ने माँ लक्ष्मी एवं भगवान श्रीगणेश से सभी परिवारों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और अपनत्व के साथ त्योहार मनाने से सामाजिक संबंध और संगठन की एकजुटता मजबूत होती है। कार्यक्रमों में चारों मंडलों की महिला मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टरों से जुड़ी महिलाएँ उपस्थित रहीं।





