
उत्तराखंड वन विभाग को आज 43 नई महिला फॉरेस्ट गार्ड का सशक्त योगदान मिला। वानिकी प्रशिक्षण केंद्र, रामपुर मंडी में छह माह की कड़ी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद महिला फॉरेस्ट गार्ड के इस बैच की भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। परेड के साथ ही ये सभी प्रशिक्षित महिला फॉरेस्ट गार्ड औपचारिक रूप से वन विभाग की मुख्य धारा में शामिल हो गईं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में चकराता वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) वैभव कुमार मौजूद रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिला फॉरेस्ट गार्ड को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि महिला फॉरेस्ट गार्ड की भूमिका वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
वानिकी प्रशिक्षण केंद्र, रामपुर मंडी से अब तक कुल 110 बैच प्रशिक्षण लेकर वन विभाग की सेवा में शामिल हो चुके हैं, जो इस संस्थान की सशक्त प्रशिक्षण परंपरा को दर्शाता है।
पासिंग आउट परेड के दौरान SDO त्यूणी विभु सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला फॉरेस्ट गार्ड को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी ये महिला फॉरेस्ट गार्ड अब अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में जाकर जंगलों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी चुनौतियों से निपटने में सक्रिय भूमिका निभाती नजर आएंगी।
रिपोर्टर: महेन्द्र सिंह तोमर
स्लग : पासिंग आउट परेड
एंकर :
बाइट : वैभव कुमार, DFO चकराता वन प्रभाग
बाइट : आनंद रावत, रेंजर
बाइट : पास आउट हुई महिला फॉरेस्ट गार्ड





