उत्तराखंड

छिबरो पावर हाउस के पास दिखा गुलदार, सहमे

कालसी क्षेत्र में एक बार फिर गुलदार की मौजूदगी से दहशत का माहौल बन गया है। सोमवार देर शाम करीब सात बजे छिबरो पावर हाउस के समीप हरिपुर–कोटी इछाड़ी मोटर मार्ग पर गुलदार सड़क पर घूमता हुआ नजर आया। गुलदार को बीच सड़क पर देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले काफी समय से आबादी के आसपास गुलदार की आवाजाही बनी हुई है। कई बार वन विभाग को इसकी सूचना भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सबसे अधिक चिंता बनी हुई है। इसी माह पांच जनवरी को भी पंजीटलानी में आयोजित बहुद्देशीय शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों ने वन मंत्री सुबोध उनियाल के समक्ष गुलदार की समस्या को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को इस भय के माहौल से राहत मिल सके।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!