Skip to content
- मुंबई में कमर्शियल LPG गैस की कमी का असर अब होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। जानकारी के अनुसार इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के मुताबिक शहर में लगभग 35 से 40 प्रतिशत रेस्टोरेंट प्रभावित हुए हैं। इनमें से कुछ रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद हो गए हैं, जबकि कई ने अपने मेन्यू और सेवाओं में कटौती कर दी है।
- बताया जा रहा है कि मुंबई के आइलैंड सिटी इलाके के रेस्टोरेंट इस संकट से ज्यादा प्रभावित हैं, क्योंकि यहां PNG पाइपलाइन नेटवर्क सीमित है और अधिकांश रेस्टोरेंट LPG सिलेंडरों पर निर्भर हैं।
कई रेस्टोरेंट बंद, कई ने मेन्यू घटाया
- व्यापार संगठनों के अनुसार प्रभावित रेस्टोरेंट में से करीब 20 प्रतिशत रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद हो गए हैं, जबकि अन्य ने व्यंजनों की संख्या कम कर दी है। उदाहरण के तौर पर कुछ रेस्टोरेंट ने लंच सेवा बंद कर दी है या फिर केवल हल्के व्यंजन जैसे सैंडविच, सलाद और स्टीम्ड फूड ही परोसना शुरू किया है।
संकट और गहरा सकता है
- AHAR के अध्यक्ष विजय शेट्टी का कहना है कि अगर जल्द ही LPG गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में प्रभावित रेस्टोरेंट की संख्या 60 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। कई होटल मालिकों के पास मौजूद गैस सिलेंडर भी सीमित समय तक ही चल पाएंगे।
वैकल्पिक उपाय अपनाने लगे कारोबारी
- कुछ रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी के कारण उनकी लागत बढ़ रही है। ऐसे में कई लोग इंडक्शन स्टोव और अन्य वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल कर काम चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
- व्यापारियों का मानना है कि यदि गैस आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई, तो इसका असर मुंबई के फूड बिजनेस और रोजगार पर भी पड़ सकता है।
Post Views: 4
error: Content is protected !!