उत्तराखंड

महिला अपराधों में सत्ताधारी दल के लोग संलिप्त: गोदियाल

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून में आयोजित सर्वदलीय मुख्यमंत्री आवास कूच का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा शासन में उत्तराखण्ड में महिलाओं के शोषण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसी स्थिति में सभी राज्यवासियों को एकजुट होकर इसके खिलाफ खड़ा होना होगा।
उन्होंने कहा कि आज उत्तराखण्ड सभी हिमालयी राज्यों में महिला अपराधों के मामलों में प्रथम स्थान पर खड़ा है। राज्य में घटित अधिकांश महिला शोषण की घटनाओं में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आना, उत्तराखण्ड की अस्मिता पर कलंक है और प्रदेशवासियों के लिए शर्मनाक है। श्री गोदियाल ने कहा कि सत्ताधारी भाजपा के नेताओं की नजर में मातृशक्ति की अस्मिता की कीमत मात्र 20–25 हजार रुपये लगाई जा रही है, इससे अधिक शर्मनाक और क्या हो सकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के दिन से ही कांग्रेस पार्टी लगातार सरकार को जगाने का कार्य कर रही है, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। आज जब भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखण्ड प्रभारी दुष्यंत गौतम की भूमिका एक वीआईपी के रूप में सामने आई है, तो भाजपा सरकार मौन साधे बैठी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सीबीआई जांच से बचने और सच्चाई सामने आने के डर से पुलिस के माध्यम से तर्कहीन बयानबाजी कर रही है। सरकार में बैठे लोग स्वयं सीबीआई जांच कराने के बजाय जनता से सबूत मांग रहे हैं, जो अत्यंत हास्यास्पद और गैर-जिम्मेदाराना है।
श्री गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलनरत है और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक राज्य की बेटी अंकिता भंडारी सहित अन्य सभी पीड़ित बेटियों को न्याय नहीं मिल जाता और दोषी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचते।
मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवाण, निवर्तमान मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, राजेन्द्र शाह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, डॉ. प्रतिमा सिंह, शिवानी थपलियाल मिश्रा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व सैनिक अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, अनुसूचित जाति अध्यक्ष मदन लाल, अमरजीत सिंह, यशपाल चौहान, वीरेंद्र पंवार, अनुराधा तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!