उत्तराखंड

कांवड यात्रा को लेकर यूपी,उत्तराखंड पुलिस ने बनाई रणनीति

विकासनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुध्वार को धर्मावाला में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बॉर्डर बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के अधिकारियों ने यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, शांति व्यवस्था और आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता सीओ सहसपुर अनुज कुमार ने की। इसमें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से क्षेत्राधिकारी बेहट, प्रभारी निरीक्षक मिर्जापुर तथा चौकी प्रभारी बादशाही बाग सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। उत्तराखंड की ओर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसपुर प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उप निरीक्षक कोतवाली विकासनगर शिशुपाल राणा, चौकी प्रभारी धर्मावाला, चौकी प्रभारी कुल्हाल तथा चौकी प्रभारी हरबर्टपुर बैठक में मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। सीओ अनुज कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त रूप से कार्य करेगी और आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे को तत्काल सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!