शिक्षा

कक्षा 8 की तीन छात्राएं अचानक लापता, पुलिस और परिजन परेशान

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से तीन स्कूली छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 22 मई को अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 8 की छात्राएं हैं। रोज की तरह तीनों स्कूल गई थीं और सुबह करीब 11 बजे छुट्टी के बाद घर के लिए निकलीं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटीं।

समय बीतने के बावजूद जब बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

लापता छात्राओं में एक की उम्र लगभग 14 वर्ष, दूसरी की 13 वर्ष और तीसरी की 11 वर्ष बताई जा रही है। तीनों घटना के समय स्कूल यूनिफॉर्म में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है।

ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीमों को संभावित स्थानों पर भेजा गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि उन्हें सुरक्षित बरामद किया जा सके।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!