उत्तराखंड के देहरादून जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक ट्रक चालक की जान चली गई। हादसा विकासनगर-त्यूणी हटाल मोटर मार्ग पर फिडिज पुल के पास हुआ, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, ट्रक विकासनगर से फाइबर ईंटें लेकर मोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान फिडिज पुल के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में समा गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत एसडीआरएफ और थाना त्यूणी पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम, जिसमें आरक्षी बलवंत सिंह भी शामिल थे, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
खड़ी चढ़ाई और दुर्गम इलाके के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक लाया गया और पुलिस के सुपुर्द किया गया।
थाना त्यूणी प्रभारी अश्वनी बलूनी ने बताया कि हादसा सुबह के समय हुआ था। ट्रक फाइबर ईंटों से लदा हुआ था और इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। मृतक चालक की पहचान विपिन सिंह (30 वर्ष), पुत्र सोबेंद्र लाल, निवासी भद्रासु, खरसाडी, मोरी (उत्तरकाशी) के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।





