देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के जवानों की 4600 रुपये ग्रेड पे की मांग के समर्थन में सोमवार को राजधानी में पुलिस अधिकार मार्च निकाला गया। मार्च में शामिल कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों को पुलिस ने सुभाष रोड पर आयकर कट से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर वापस लौट गए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार सुबह कई संगठनों के लोग परेड ग्राउंड के पास इकट्टा हुए। यहां से दोपहर करीब 12ः20 बजे पुलिस मुख्यालय की ओर निकले। जिसे पुलिस ने बैरियर पर रोक लिया। इस दौरान मार्च का नेतृत्व कर रहे अध्विक्ता और कांग्रेस नेता संदीप चमोली ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में दिन-रात जुटे रहने वाले जवानों की 4600 ग्रेड पे की मांग पर सरकार को अविलंब सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि इस न्यायपूर्ण मांग को पूरा करने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि 4600 ग्रेड पे कोई उपकार नहीं, बल्कि जवानों का अधिकार है। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद लोग वापस लौटे। इस दौरान जन अध्किार पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार, यूकेडी सैनिक प्रकोष्ठ के महिपाल पुंडीर, आप प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया, कांग्रेस नेता विवेक तिवारी, राष्ट्रीय बजरंग दल के कृपाल सिंह, काली सेना के भूपेश जोशी, देवभूमि युवा संगठन के आशीष नौटियाल, शांति प्रसाद भट्ट, मोहित डिमरी समेत अन्य लोग शामिल रहे





