विकासनगर में जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति द्वारा आगामी 33वें सांस्कृतिक महोत्सव और क्रीड़ा समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। समिति का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की वैभवशाली संस्कृति को बचाना और युवाओं को नशे की लत से दूर कर खेलों से जोड़ना है। इस वर्ष महोत्सव में कबड्डी लीग समेत कई पारंपरिक और आधुनिक खेल आकर्षण का केंद्र रहेंगे।विकासनगर के एक निजी होटल में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के अध्यक्ष नरेश चौहान और अन्य पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कबड्डी लीग को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों के साथ-साथ क्षेत्र के नवोदित खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यह खेल उत्तराखंड कबड्डी फेडरेशन के बैनर तले संपन्न होंगे।
बताया कि आगामी 6 जून से शुरू होने जा रहे इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कहा कि क्षेत्र की विलुप्त होती संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए महोत्सव में महिलाओं के लिए ‘रासो’ और पुरुषों के लिए ‘जंगबाजी’ जैसे पारंपरिक नृत्यों का भव्य आयोजन होगा। खेलों की बात करें तो कबड्डी के अलावा वॉलीबॉल, रस्साकशी और कैरम जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही, कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन रखा गया है। समिति के पदाधिकारियों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल युवा शक्ति एकजुट होगी, बल्कि अपनी जड़ों और संस्कृति के प्रति उनका जुड़ाव भी गहरा होगा।
नरेश चौहान, अध्यक्ष जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरूत्थान समिति
रणबीर सिंह, सहसचिव जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरूत्थान समिति




