उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में देर रात एक खड़ी कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के सत्ती मोहल्ला स्थित इंद्रा पार्क के पास एक खाली प्लॉट में खड़ी निसान मैग्नेट कार देखते ही देखते आग का गोला बन गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास के घरों और अन्य वाहनों तक फैलने से रोक लिया गया, साथ ही कार के पेट्रोल टैंक को फटने से भी बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि यह कार मंगलौर निवासी फहीम की थी, जो इसे अपने दोस्त के घर के बाहर खड़ी कर गए थे। आग लगने की सूचना मिलते ही वह भी मौके पर पहुंचे और अपनी कार की हालत देखकर हैरान रह गए। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अंदाजा शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से पहले धुआं उठता दिखा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो आग आसपास के मकानों और वाहनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर वाहन की नियमित जांच और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




